उधमपुर:वार्ड नंबर सात में घर-घर कूड़ा उठाने वाले नहीं आने पर सड़क किनारे लगे गंदगी के ढेर
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। नगर के वार्ड 7 के सुक्की करलाई क्षेत्र में दो दिन से घर-घर कचरा उठाने वाले कर्मचारी न पहुंचने से लोग परेशान हैं। उनका कहना है कि दो दिन से घरों से कचरा नहीं उठाया गया है। अधिकतर लोग सड़क किनारे कूड़ा फेंक रहे हैं। इससे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही हैं।
स्थानीय निवासी बलवीर सिंह, शमशेर सिंह, सतपॉल और दया राम ने बताया कि उनके क्षेत्र में सीवरेज का कार्य चल रहा है। सीवरेज पाइपें डालने के लिए गलियों को उखाड़ा गया है। इसका बहाना बनाकर घर-घर से कचरा उठाने वालों ने उनके क्षेत्र में आना बंद कर दिया है। लोगों के घरों में कूड़ा बढ़ता जा रहा है। सड़क किनारे कचरे के ढेर लग रहे हैं। इससे दिन भर दुर्गंध उठती रहती है।
आसपास रहने वाले लोगों के घरों की खिड़कियां खुलना मुश्किल हो गया है। सड़क पर भी गंदगी फैल रही है, जिससे राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है। नगर परिषद जल्द सड़क पर लगे गंदगी के ढेरों को हटवाए, और कचरा उठाने वालों की क्षेत्र में आवाजाही को सुचारु करे। वहीं, पार्षद विकास शर्मा ने कहा कि सीवरेज के काम के चलते लोगों को परेशानी उठानी पड़ी है। जल्द ही कचरा उठाने वालों से बात कर इस मामले का समाधान करवा देंगे।