उधमपुर। बिजली कटौती के अलावा लो वोल्टेज की समस्या से भी लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को कशीराह इलाके की महिलाएं बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचीं, जहां उन्होंने अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखी। साथ ही चेतावनी दी कि अगर दो सप्ताह के अंदर परेशानी को दूर नहीं किया, तो कार्यालय के बाहर बच्चों के साथ धरने पर बैठ जाएंगे।
वीना देवी, कीर्ति व अन्य महिलाओं ने बिजली विभाग के अधिकारियों को बताया कि उनके मोहल्ले में बिजली की लो वोल्टेज की परेशानी कई महीनों से बनी हुई है। लो वोल्टेज के कारण पंखे, कूलर, फ्रिज व अन्य उपकरण सही तरह से काम नहीं कर पा रहे हैं।
पंखे न चलने के कारण गर्मी के कारण परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। रात में मोमबत्ती जलाकर पढ़ना पड़ रहा है। फ्रिज न चलने के कारण खाने पीने के सामान भी खराब हो रहे हैं। इसलिए मोहल्ले में उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाया जाए।
15 मई तक उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने का आश्वासन
बिजली विभाग के एक्सईएन ने आश्वासन दिया है कि वह 15 मई तक सर्वे करवा कर ज्यादा क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने का प्रयास करेंगे। वहीं महिलाओं ने वापस जाने से पहले चेतावनी दी कि अगर 15 मई तक परेशानी को दूर नहीं किया गया, तो बच्चों को साथ लेकर कार्यालय के बाहर धरने पर बैठेंगी।