रामनगर। चौंतरा माता प्रबंधक कमेटी के प्रधान कुलवंत सिंह की अध्यक्षता में रविवार को बैठक का आयोजन किया गया। इसमें 3 अप्रैल को भगवान नरसिंह मंदिर से 34वीं छड़ी यात्रा की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई।
प्रधान ने बताया कि इस वर्ष वार्षिक छड़ी यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। पहले नवरात्र 2 अप्रैल को भगवान नरसिंह मंदिर में सुबह साढ़े आठ बजे चौंतरा माता की ज्योति प्रज्वलित की जाएगी, और 3 अप्रैल को मंदिर से ढोल नगाड़ों के साथ सुबह आठ बजे चौंतरा माता भवन के लिए छड़ी यात्रा रवाना होगी। यात्रा को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने अपील की कि लोग इसमें बढ़-चढ़कर भाग लें।
वहीं, यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए भवन में भंडारे का आयोजन किया जाएगा। जगह जगह पर श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था की जाएगी। प्रधान ने प्रशासन से अपील की कि यात्रा के दौरान बिजली, पानी, सड़क की सुविधा सुचारू की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े। इस मौके पर सागर वर्मा, विनय जंडियाल, राजेश खारका, ज्ञानचंद, शिवप्रसाद, आदि मौजूद रहे।