चिनैनी। तहसील लाटी में क्रिकेट मैदान नहीं होने के कारण खिलाड़ियों को सर्दियों में फसल कटाई का इंतजार करना पड़ता है। खिलाड़ियों में खेल के प्रति जज्बा ऐसा है कि वह फसल कटने के बाद खेत को समतल करने का भी काम करते हैं। आयोजकों को 15 से 20 हजार रुपये किराये पर खेत लेकर प्रतियोगिता करवानी पड़ रही है।
पूर्व सरपंच अख्तर हुसैन ने बताया कि युवा खेल के लिए उत्साहित हैं। कई खिलाड़ी छोटे से मैदान में भी खेल रहे हैं। तहसील में खेल ग्राउंड की भारी कमी है जिस कारण खिलाड़ियों को प्रतिभा निखारने में दिक्कत आ रही है। मैदान की मांग कई बार उठाई जा चुकी है मगर समस्या हल नहीं हुई। मौजूदा समय में खेतों में फसल लगाई गई है जिस कारण प्रतियोगिता करवाना नामुमकिन है। सर्दियों के करीब दो महीने ही युवा प्रतियोगिताओं में व्यस्त रहते हैं और उस दौरान भी बारिश व बर्फबारी परेशान करती है। उन्होंने सरकार से मांग की कि लाटी तहसील में खेल मैदान बनाया जाए ताकि खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मौका मिल सके।