-जम्मू-कश्मीर राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले वाहनों की गहनता से ली जा रही तलाशी
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। प्रदेश में तीन जुलाई से शुरू हो रही श्री अमरनाथ यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। किसी भी आतंकी हमले और खतरे की चुनौती से निपटने के लिए पुलिस व सुरक्षा बल पुरी चौकसी के साथ मुस्तैद हैं। लगातार मॉक ड्रिल की जा रही हैं।
यात्रा शुरू होने से पहले पुलिस व सुरक्षा बल संयुक्त तौर पर माक ड्रिल के माध्यम से किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम के लिए अभ्यास कर रहे हैं। इस कड़ी में जिला उधमपुर के 60 किलोमीटर यात्रा ट्रैक पर अब तक दो बार माॅक ड्रिल की गई है। किसी भी संभावित खतरे की रोकथाम और उससे निपटने की रणनीति तैयार कर ली गई है। इसमें डाॅग स्कवायड, सीसीटीवी कैमरों के अलावा जैमर, ड्रोन इत्यादि उपकरणों की सहायता भी शामिल है।
वहीं, जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की जांच को लेकर अभियान तेज किया गया है। शनिवार को भी राजमार्ग पर पुलिस की तरफ से नाका लगाकर वाहनों की जांच की गई। पुलिस के जवान गाड़ियाें की गहनता से तलाशी लेने के साथ ही चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और दस्तावेजों की जांच करते नजर आए। शहर के आसपास और महत्वपूर्ण स्थानों पर भी चौकसी बढ़ा दी गई है।