शहर को व्यवस्थित और जाम मुक्त बनाने के लिए नगर परिषद का बड़ा कदम
उधमपुर। अतिक्रमण मुक्त शहर का सपना साकार करने की दिशा में नगर परिषद ने शनिवार को धार रोड और प्रमुख बाजारों में बड़ा अभियान चलाया।
सीईओ राजेंद्र ढींगरा के नेतृत्व में टीम ने 21 अवैध रेहड़ियां जब्त कीं और धार रोड पर नो पार्किंग जोन स्थापित किया, जिससे बाजारों में जाम की समस्या को नियंत्रित किया जा सके। नगर परिषद की टीम ने धार रोड, सलाथिया चौक, मुख्य बस स्टैंड और अन्य बाजारों में निरीक्षण कर दुकानदारों को अपनी दुकानों के बाहर रखा सामान हटाने का निर्देश दिया। कई दुकानदारों को चेतावनी देकर छोड़ा गया, जबकि धार रोड पर खड़े अवैध वाहनों को हटाकर नो पार्किंग जोन बनाया गया। गौरतलब है कि नगर परिषद की ओर से बीते दिन भी शहर में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। इसके चलते दूसरे दिन परिषद की टीम सुबह सीईओ के नेतृत्व में शहर के मुख्य बाजारों में पहुंची।
नगर परिषद की ओर से शहर में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई सराहनीय है। क्योंकि इससे शहर में लोगों को आ रही परेशानियों से निजात मिलने के साथ ही बाजार भी खुला होगा।
- करतार सिंह, स्थानीय
नगर परिषद से मांग है कि जिस तरह से रेहड़ी-फड़ी वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उसी तरह से शहर में किसी को भी अतिक्रमण करने की इजाजत न दी जाए।
-शांति गुप्ता, स्थानीय निवासी
नगर परिषद ने धार रोड व बाजारों के बीच नो पार्किंग जोन बनाए जाने से शहर में आ रही जाम की समस्या से लोगों को निजात मिलने के साथ अवैध तरीके से बाजारों में लगने वाले वाहनों पर भी अंकुश लगेगा। इससे लोग अपने वाहनों को पार्किंग स्थल पर ही
खड़ा करेंगे।
-सोहन लाल, स्थानीय निवासी
नगर परिषद जिस तरह से आए दिन रेहड़ी फड़ी वालों पर कार्रवाई कर रही है। अगर नगर परिषद शहर में जगह चयनित कर रेहड़ी व फड़ी जोन बना दे तो काफी हद तक शहर में आ रही अतिक्रमण व जाम की समस्या से लोगों को निजात मिल जाएगी।
-पवन देव सिंह, स्थानीय निवासी
अतिक्रमण को समाप्त करना हमारी प्राथमिकता है। यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि शहर को व्यवस्थित और सुचारू बनाया जा सके।
-राजेंद्र ढींगरा, सीईओ