बनिहाल में बंद के दौरान तैनात सुरक्षा कर्मी
- फोटो : अमर उजाला
कश्मीर में बिगड़े हालातों के बीच अलगाववादियों के आह्वान पर बनिहाल कसबे में मंगलवार से बंद को चार दिन के लिए बढ़ा दिया गया है। हालांकि, सोमवार को बनिहाल कसबे की दुकानें खुली रहीं, लेकिन देर शाम को हुई बैठक में बंद को चार दिन बढ़ाने का समर्थन किया गया।
अलगाववादियों के बंद के समर्थन में मंगलवार को पूरे दिन बंद का असर देखा गया। बंद के दौरान किसी भी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है। कहीं पर भी पत्थरबाजी की घटना सामने नहीं आई है। हालांकि, इस दौरान बनिहाल कसबा पूरी तरह बंद रहा।
दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। बंद के चलते बनिहाल को जोड़ने वाले संपर्क मार्गों पर वाहनों की आवाजाही कम रही। इसके चलते लोगों को परेशान भी होना पड़ा। बंद के दौरान किसी भी तरह की अनहोनी को रोकने के लिए पुलिस और सीआरपीएफ को तैनात किया गया है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। नेशनल हाईवे पर सुरक्षा बल तैनात हैं और लगातार गश्त कर रहे हैं।
बंद दौरान क्षेत्र में कहीं से भी विरोध प्रदर्शन करने की खबर नहीं है। बंद का असर स्कूलों और सरकारी कार्यालयों पर भी पड़ी। स्कूलों में उपस्थति कम रही। बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। लोगों को जरूरत का सामान खरीदने के लिए दरबदर होना पड़ा, यहां तक कि कसबे से बाहर भी जाना पड़ा।