उधमपुर। 35 बीआरटीएफ ने बिरमा नाले पर नया बैली पुल तैयार करने के बाद शुक्रवार सुबह निर्माण स्थल पर पूजन किया। इसके बाद इस पर अभी वाहनों की आवाजाही शुरू की गई है, लेकिन उसे शनिवार को बहाल किया जा सकता है। सुबह के सयम डीसी ने भी मौके पर पहुंच कर पुल का निरीक्षण किया है। इसके बनने के बाद अब पुराने राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और शहरवासियों को राहत मिलेगी।
24 जुलाई को तेज बारिश के बाद बिरमा नाले पर तैयार पुल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। बीआरीओ ने इसकी मरम्मत की और 27 जुलाई को इसको वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया। लेकिन 28 जुलाई को फिर पुल का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। प्रशासन ने सेना की मदद से पुराने पुल पर ही बैली पुल का निर्माण कर वाहनों की आवाजाही को शुरू किया। बीआरओ ने यातायात को सुचारु रूप से चलाने के लिए नए बैली पुल का निर्माण शुरू कर दिया और तीन सप्ताह के अंदर ही नए वैली पुल के निर्माण करने में कामयाबी हासिल कर ली। वीरवार को बीआरओ ने वैली पुल का निर्माण कार्य पूरा किया और शुक्रवार सुबह सवा नौ बजे 35 बीआरटीएफ के कमांडर एच मूर्ति ने पूजन कर इसका शुभारंभ कर दिया। लेकिन अभी इसको वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह से नहीं खोला गया। प्रशासन ने अभी इस पर वाहनों को चलाने की अनुमति नहीं दी है।
ट्रायल के तौर पर कुछ वाहनों को चलाया गया, लेकिन अभी निजी व यात्री वाहनों को चलने की अनुमति नहीं दी गई है। इस पुल पर 25 टन तक बजन का वाहन बिना किसी परेशानी के चल सकता है। कमांडर एच मूर्ति ने बताया कि पुल पर ट्रकों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा मेटाडोर, जीप, कार, दो पहिया चल सकेंगे। सुबह के समय डीसी इंदु कंवल चिब ने भी पुल का निरीक्षण किया है और इसके लिए बीआरओ को बधाई दी है। उन्होंने बताया कि इस पर वाहनों की आवाजाही शुरू होने के बाद पुराने पुल की मरम्मत का काम भी शुरू किया जाए। बैली पुल अस्थायी तौर पर वाहन चलाने के लिए तैयार किया है।