उधमपुर/पंचैरी/मजालता। अंतरराष्ट्रीय नशा उन्मूलन दिवस पर जिले में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुए। इसमें युवाओं व अन्य लोगों ने नशीली वस्तुओं के सेवन से दूर रहने का संकल्प लिया। इस दौरान रैलियां निकालकर युवाओं व किशोरों को नशे से दूर रहने की सलाह दी गई।
समाज कल्याण विभाग ने सरकारी डिग्री कॉलेज उधमपुर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इसमें युवाओं ने बारी बारी से नशीली वस्तुओं के सेवन से होने वाले नुकसानों के बारे में बताया। कहा कि कुछ युवा गलत संगत में पड़कर अपना जीवन खराब कर रहे हैं। शुरू में नशा अच्छा लगता है, लेकिन इसके कारण पूरा जीवन नष्ट हो जाता है। इसलिए, समय रहते खुद को सुधारें। नशे से दूर रहें, और दूसरों को भी प्रेरित करें।
इस दौरान कलाकारों ने नाटक कर नशे के सेवन से होने वाले नुकसानों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान डिस्ट्रिक्ट तायक्वांडो एसोसिएशन के सदस्यों ने मार्शल आर्ट के जरिये बताया कि अपनी शक्ति का इस्तेमाल कर हम आत्मरक्षा कर सकते हैं। कार्यक्रम में सभी ने नशीली वस्तुओं के सेवन से दूर रहने का भी संकल्प लिया।
उधर, भारत स्काउट एंड गाइड ने रैली निकालकर नशीली दवाओं के दुरुपयोग और तस्करी के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया। रैली में बीबीएसवीपी, केसी गुरुकुल पब्लिक स्कूल और अमरदीप पब्लिक स्कूल के विभिन्न स्काउट और गाइड ने भाग लिया। जिला सचिव वीणा शर्मा ने कहा कि दुनिया भर में अंतरराष्ट्रीय नशा उन्मूलन दिवस मनाने का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा लोगों को नशे की लत से बचाना है।
कहा कि इस बार इसका थीम शेयर फैक्ट्स ऑन ड्रग्स, सेव लाइव्स है। वहीं, अमरदेव सिंह ने कहा कि अगर देश की युवा पीढ़ी ही गलत रास्ते पर जाने लगे तो निश्चित ही देश का भविष्य अंधकार में है। युवाओं को जीवन के हर पहलू को जीने की इच्छा होती है। वे नशे को शान समझते हैं, और शराब, गुटखा, तंबाकू, बीड़ी, सिगरेट का सेवन करते हैं। यदि समाज को उन्नति के मार्ग पर ले जाना है तो नशे से बचना है।
आइसीडीएस प्रोजेक्ट मजालता ने भी पंचायत देवी बनी थलोडा में सीडीपीओ हकीकत सिंह की अध्यक्षता में कार्यक्रम किया। हेल्थ और न्यूट्रीशन मोबलाइजर ज्योति शर्मा ने लोगों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम में सरपंच बलवंत राज शर्मा और सरपंच बाबू राम ने लोगों से अनुरोध किया कि बच्चों को नशे से दूर रखें। पंचैरी में भी समाज कल्याण विभाग ने आशा व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को जागरूक किया। इस अवसर पर बीडीसी जीवन शर्मा, सरपंच कुलदीप कुमार, प्रकाश सिंह, आदि मौजूद थे।
उधमपुर: नशे के विरुद्ध शपथ लेते हुए तथा दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए.- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर: भारत स्काउट्स एंड गाइड्स द्वारा इंटरनेशनल ड्रग डे के उपलक्ष पर निकाली गई रैली.- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर: पूर्व विधायक आरस पठानिया बच्चों को सम्मानित करते हुए.- फोटो : UDHAMPUR