उधमपुर के पंचैरी में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के साथ बैठक करते सीएमओ डा. केसी डोगरा
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर/पंचैरी। कोविड-प्रबंधों को लेकर ब्लॉक मेडिकल कार्यालय पंचैरी में सीएमओ डॉ. केसी डोगरा की अध्यक्षता में प्रखंड पंचैरी की एक समीक्षा बैठक हुई। इसमें हर घर दस्तक, कोविड टीकाकरण, कोविड परीक्षण, एनटीईपी, एनवीबीडीसीपी, आईएचआईपी, जैसे राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों पर चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए सीएमओ ने संबंधित अधिकारियों को कोविड-19 की रोकथाम को लेकर किए सभी जरूरी उपायों को लेकर जरूरी निर्देश दिए। साथ ही टीकाकरण के निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में चल रहे काम की भी समीक्षा की। और, क्षेत्र में टीकाकरण बढ़ाने को लेकर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर ऐसे लोगों का भी टीकाकरण किया जाना चाहिए, जिन्होंने अब तक कोरोना टीकाकरण की एक भी खुराक नहीं ली है। इसके अलावा जो लोग पहली खुराक ले चुके हैं, लेकिन दूसरी के लिए किन्हीं कारणों से केंद्रों पर नहीं आ रहें हैं, ऐसे लोगों के लिए भी विशेष अभियान चलाकर इस प्रक्रिया को पूरा किया जाए। हर घर दस्तक देकर पड़ताल की जाए कि किसी घर में कोई व्यक्ति टीकाकरण से छूटा तो नहीं। इसके अलावा बाहर से आने वाले लोगों के साथ संदिग्धों का कोविड परीक्षण को भी बढ़ाया जाए। ताकि, कोरोना महामारी के नए स्वरूप को क्षेत्र में फैलने से रोका जा सके।