मशरूम विकास विभाग कार्यालय में पाश्चराइज्ड कंपोस्ट प्लांट का उद्घाटन करते डायरेक्टर एग्रीकल्च
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। कृषि उत्पादन एवं किसान कल्याण विभाग के निदेशक केके शर्मा ने मशरूम विकास कार्यालय में पाश्चरीकरण कंपोस्ट प्लांट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में नए प्रशिक्षु उद्यमियों, मशरूम उत्पादकों और मशरूम विकास कार्यालय के कर्मचारियों ने भाग लिया।
जिले में यह पहला संयंत्र स्थापित किया गया है, जो उत्पादकों के लिए तैयार पाश्चरीकृत खाद प्राप्त करने में सहायक होगा। इससे पहले हिमाचल और पंजाब जैसे राज्यों से पाश्चरीकृत खाद का आयात किया जाता था। वहीं, निदेशक ने लोगों को आय दोगुनी करने के लिए मिश्रित खेती अपनाने की सलाह दी।
उन्होंने ट्रिपल-पी मोड पर खाद तैयार करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि इससे उत्पादन की लागत कम होगी। उन्होंने अधिकारियों को 50 प्रतिशत अनुदान पर पाश्चरीकृत खाद की बोरियां उत्पादकों को जारी करने के निर्देश दिए। इस मौके पर मुख्य कृषि अधिकारी एससी शर्मा ने भी किसानों को अपनी आय बढ़ाने के लिए नई तकनीक अपनाने की सलाह दी। मौके पर एमडीओ सुखबीर सिंह, एमडीए राकेश पाड़ा व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।