उधमपुर। शेर-ए-कश्मीर पुलिस अकादमी में प्रोबेशनरी उप पुलिस अधीक्षकों और उप निरीक्षकों के लिए वित्तीय और साइबर धोखाधड़ी पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम करवाया। गुजरात के राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को संबोधित किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य वित्तीय और साइबर धोखाधड़ी में उभरते रुझानों और कार्यप्रणाली से संबंधित जानकारी प्रदान करना था। ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, फिशिंग हमले, पहचान की चोरी, सोशल इंजीनियरिंग तकनीक और डिजिटल भुगतान से जुड़े घोटाले प्रमुख विषय रहे। विशेषज्ञों ने व्यावहारिक केस स्टडीज के माध्यम से अपराध के निवारण के उपाय, डिजिटल स्वच्छता और प्रभावी जांच रणनीतियों पर चर्चा की।
कार्यक्रम का उद्घाटन अकादमी के उप निदेशक एसएसपी राजेश बाली ने किया। उन्होंने साइबर अपराध से निपटने के लिए निरंतर प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम का समापन उप निदेशक एसएसपी बेनाम तोश के धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ। यहां सीपीओ राकेश व संकाय सदस्य इंस्पेक्टर चंद्र मोहन मौजूद रहे।