कटड़ा। जिला पुलिस ने मां वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए बाणगंगा ट्रैक पर झगड़ा करने वाले दो घोड़ा चालकों को गिरफ्तार किया है। कुछ दिन पूर्व बाणगंगा मार्ग पर दो घोड़ा चालकों के बीच हिंसक झड़प हुई थी जिससे तीर्थयात्रियों में भय और घबराहट फैल गई थी।
घटना का वीडियो लोगों ने मोबाइल में कैद कर लिया था जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए कटड़ा पुलिस स्टेशन ने तत्काल जांच शुरू की। थाना प्रभारी रणजीत सिंह राव और चौकी इंचार्ज बाणगंगा के पर्यवेक्षण में दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में शौकत अली निवासी भागा और दविंदर सिंह निवासी सरोटे कोटे, रियासी है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों को कार्रवाई के लिए प्रथम श्रेणी कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। संवाद