शहर के जखैनी इलाके से पुलिस ने 200 ग्राम हेरोइन की खेप के साथ दो लोगों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों से पता लगा रही है कि खेप कहां से लाई थी और इसको कहां लेकर जा रहे थे।
पिछले कुछ दिनों से पुलिस नशीली वस्तुओं की तस्करी करने वालों के साथ सख्ती से निपट रही है। आए दिन बड़ी खेप के साथ तस्करों को पकड़ा जा रहा है। बुधवार को भी पुलिस को 200 ग्राम हेरोइन की बड़ी खेप के साथ दो लोगों को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है।
जानकारी अनुसार पुलिस ने जखैनी इलाके में नाका लगा रखा था और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने लोगों को संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते हुए देखा। दोनों पुलिस को देख कर घबरा भी गए।
पुलिस ने दोनों को तलाशी के लिए रोका और जब इनकी तलाशी ली गई तो दोनों के पास से कुल 200 ग्राम हेरोइन बरामद की। पुलिस ने उसी समय तस्करी के आरोप में इम्तियाज अहमद निवासी खैरी उधमपुर और आमिर फारूक खान निवासी सैरी बाजार भद्रवाह को तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।