किश्तवाड़। जिला किश्तवाड़ के उपमंडल पाडर में चिसोती के पास बह गए पुल के कारण मचैल को आने-जाने वाले लोगों को पिछले दो दिनों से भारतीय सेना वहां से निकाल रही है। गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले चिसोती गांव के पास पुराने पुल को हटा लिया गया था, ताकि नए पुल का निर्माण किया जा सके। उसी जगह के पास ही भोट नाले नामक नदी पर एक लकड़ियों का पुल बनाया गया था, जो तीन दिन पहले नदी में तेज बहाव के कारण बह गया और मचैल गए कुछ लोग फंस गए थे और कुछ को मचैल जाना था।
पानी के प्रवाह में अचानक वृद्धि के कारण पुल तो बह गया था। अचानक हुई इस घटना की वजह से 100 से ज्यादा लोग नदी के दूसरी तरफ फंस गए। जिला प्रशासन द्वारा संपर्क किए जाने पर भारतीय सेना ने तेजी से कार्रवाई करते हुए इन लोगों को बचाया। रात में पुल तैयार करने के लिए आवश्यक सामग्री और सहायता प्रदान की गई। सुबह-सुबह कमांडिंग ऑफिसर अपनी टीम के साथ चिसोती पहुंचे और प्रशासन के इंजीनियरों के साथ स्थिति का जायजा लिया। क्षेत्र का निरीक्षण करने के बाद भारतीय सेना ने गिरे हुए पेड़ों और लकड़ी के तख्तों का उपयोग करके एक पुल बनाया और रस्सियों का उपयोग करके लोगों को वहां से निकाला। दो दिनों से जारी बचाव कार्य में भारतीय सेना ने चिसोती में फंसे 100 से अधिक लोगों को बचाया। अधिकारी ने कहा कि नदी पर नियमित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए स्थायी पुल के निर्माण का कार्य पूरी गति से चल रहा है। इस दौरान डीडीसी पार्षद हरिकृष्ण, एसडीएम ऋषि शर्मा सहित अनेक अधिकारी भी उपस्थित रहे। लोगों ने सेना का आभार प्रकट किया।