स्थानीय व बाहरी राज्यों के नामी पहलवानों ने भाग लेकर दर्शकों को किया रोमांचित
संवाद न्यूज एजेंसी
रामनगर। रामनगर के बिरनू (चौकी) गांव में पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वार्षिक दंगल का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में स्थानीय व बाहरी राज्यों के नामी पहलवानों ने भाग लेकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
दंगल का मुख्य आकर्षण रहा 21,000 रुपये की इनामी राशि वाला मुकाबला, जिसमें पहलवान बबलू (बसंतगढ़) ने पहलवान संदीप (महाराष्ट्र) को कड़ी टक्कर देने के बाद हराकर मुकाबला अपने नाम किया। यह मुकाबला करीब आधे घंटे तक चला, जिसमें दोनों पहलवानों ने दमखम दिखाया, लेकिन अंततः बबलू विजयी रहे।
दंगल में तीन प्रमुख मुकाबले हुए, जिसमें 21,000 रुपये का मुख्य मुकाबला पहलवान बबलू (बसंतगढ़) बनाम पहलवान संदीप (महाराष्ट्र) के बीच हुआ। यह मुकाबला बबलू बसंतगढ़ ने जीत लिया। 15,000 रुपये के लिए दूसरा मुकाबला पहलवान अली (राउंडमेल) बनाम पहलवान मुन्ना (दिल्ली) के बीच हुआ, जिसमें मुन्ना दिल्ली विजेता रहे। वहीं 11,000 रुपये के लिए तीसरा मुकाबला पहलवान सलमान (उधमपुर) बनाम पहलवान शुभम (दिल्ली) के बीच हुआ, जो ड्रा रहा, दोनों को संयुक्त रूप से इनाम बांटा गया।
दंगल का आयोजन दंगल कमेटी बिरनू के सदस्य प्रेमनाथ और ग्रामीणों के सहयोग से किया गया, जिसमें कुल 1.5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई। आयोजन में विधायक सुनील भारद्वाज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और पहलवानों का उत्साहवर्धन किया।
रामनगर कस्बे सहित आसपास के गांवों से भारी संख्या में लोग दंगल देखने पहुंचे। ग्रामीणों ने कार्यक्रम की पारंपरिक और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने के लिए ऐसे आयोजनों को सराहा और भविष्य में भी इन्हें जारी रखने की मांग की।