रामनगर। टीएसओ कार्यालय के चक्कर लगाने के बाद भी राशन कार्ड के साथ आधार कार्ड लिंक नहीं होने से बाड़ी पंचायत के लोग बिफर गए। बुधवार को उन्होंने टीएसओ कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रोष जताया है। ग्रामीणों ने बताया कि हर रोज सैकड़ों रुपये खर्च कर रामनगर पहुंच रहे हैं, लेकिन कोई भी राशन कार्ड को आधार के साथ लिंक नहीं कर रहा है। इस कारण उनको राशन भी नहीं मिल रहा है।
बाड़ी पंचायत के पंच रघुवीर सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने दोपहर के समय टीएसओ कार्यालय के बाहर नारेबाजी की। उन्होंने बताया कि राशन कार्ड के साथ आधार कार्ड को लिंक करने की प्रक्रिया टीएसओ कार्यालय में ही पूरी की जा रही है। यह कार्यालय उनके गांव से बहुत दूर है। दस दिन से रोजाना लोग काम के लिए यहां पहुंच रहे हैं, लेकिन स्थिति जस के तस है। कार्यालय में मौजूद अधिकारी व कर्मचारी हर रोज कोई नया बहाना लगाकर उनको वापस भेज देते हैं। इससे उनकी परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। उनको हर रोज यात्री वाहन में बैठक कर रामनगर पहुंचना पड़ता है और फिर दिनभर इंतजार करने के बाद लौटने को मजबूर हो जाते हैं। समय के साथ आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। परेशान होकर सभी ने प्रदर्शन कर अपनी बात को प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास किया है। डीसी से अपील है कि वह परेशानी को दूर कर राहत दिलाएं।