सैलां तालाब क्षेत्र में मेटाडोर चालकों ने खराब सड़क की हालत पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए पीडब्लयूडी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और सड़क की मरम्मत करने की मांग की।
मेटाडोर यूनियन के चेयरमैन मक्खन लाल के अनुसार सैलां तालाब से बट्टल बालियां रोड की इतनी खस्ता हालत है कि मेटाडोर टूट जाती है। रोज मेटाडोर खराब हो जाती है।
शाम तक चार पांच सौ रुपये कमाते हैं और एक हजार रुपया गाड़ी ठीक कराने में ही लग जाता है। क्षेत्र के सरपंच मनमोहन रैना के अनुसार कई बार मेटाडोर हादसे का शिकार हो जाती हैं। लोग घायल हो जाते है।
गाड़ियां पलट जाती हैं और सड़क की मरम्मत के नाम पर कुछ भी नहीं है। सेवा राम, बबलू राम के अनुसार क्षेत्र में बीस के करीब मेटाडोर चलती है। बट्ल बालियां में ही फैक्ट्री एरिया भी है। मजबूर इसी क्षेत्र में जाते हैं।
कई बार मेटाडोर की कमी हो जाती है। क्योंकि खराब होने के कारण कई दिन उन्हें ठीक होने में लग जाते हैं। ऐसे में बीमार और बुजुर्ग जब मेटाडोर में बैठते हैं तो हिचकालों से उनकी हालत और खराब हो जाती है।
मेटाडोर यूनियन के अनुसार ट्रांसपोर्टरों को घाटा हो रहा है। कोई भी इस व्यवसाय में नहीं आना चाहता है। ऐसा ही लगातार घाटा होता रहा और सड़क ठीक नहीं हुई तो उन्हें गाड़ियां बंद करनी पड़ेगी।
पीडब्लयूडी विभाग भी कोई कदम नहीं उठाया और सड़क की हालत दिन ब दिन खस्ता होती जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की।