उधमपुर। उपराज्यपाल के प्रधान सचिव व श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के सीईओ नितीश्वर कुमार ने बुधवार को जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने श्री अमरनाथ यात्रा के सुचारु संचालन के लिए सक्रिय दृष्टिकोण और समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
टिकरी से उधमपुर तक की व्यवस्थाओं की विशेष तौर पर समीक्षा की। उनके साथ जिला विकास आयुक्त कृतिका ज्योत्सना, एसएसपी डॉ. विनोद कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त मोहम्मद सैयद खान तथा नागरिक एवं पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
प्रधान सचिव ने संबंधित अधिकारियों को अमरनाथ यात्रियों के लिए पीने के पानी, स्वच्छता, बिजली आपूर्ति, आवास, अस्थायी शौचालयों के निर्माण, यात्रियों को लाने-ले जाने वाली बसों की पार्किंग आदि व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कार पार्किंग क्षेत्र और अन्य प्रस्तावित स्थलों जैसे हाल्टिंग स्टेशन का भी निरीक्षण किया।
उपायुक्त ने प्रधान सचिव को अवगत कराया कि जिला प्रशासन यात्रियों को सर्वोत्तम सुविधाएं प्रदान करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है। इसके साथ ही उन्होंने प्रधान सचिव को यात्रा के लिए जिले में बनाई जा रही अन्य बुनियादी सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।