उधमपुर। अमरनाथ यात्रा के लिए प्रशासन राजमार्ग के किनारे मौजूद शौचालयों की हालत सुधारने के लिए विशेष तौर पर काम कर रहा है। इससे यात्रियों को आसानी से शौचालय की सुविधा मिलेगी। मौजूदा समय में रख रखाव के अभाव में ज्यादातर शौचालय बदहाल हैं।
अमरनाथ यात्रा के दौरान यात्रियों को उधमपुर में करीब 60 किमी का सफर तय करना है। इसको ध्यान में रखकर यात्रियों के लिए विभिन्न स्थानों पर लंगरों की व्यवस्था होगी। साथ ही शौचालयों की भी विशेष व्यवस्था की जा रही है। ग्रामीण विकास विभाग ने टिकरी से उधमपुर के जखैनी तक राजमार्ग किनारे कई सामुदायिक शौचालय (कम्यूनिटी सैनिटरी कांप्लेक्स) बनाए हैं। लेकिन, रख रखाव के अभाव में इनकी हालत खराब है।
बाहर से तो शौचालय देखने में अच्छे लगते हैं, लेकिन अंदर सफाई न होने के कारण इनकी हालत खराब है। कई शौचालयों में पानी नहीं मिल रहा है। इसी को लेकर प्रशासन लगातार इनका निरीक्षण कर ग्रामीण विकास विभाग को इनकी हालत सुधारने के लिए निर्देश दे रहा है। साथ ही जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को इन शौचालयों में जल्द पानी उपलब्ध करवाने के साथ पानी की टंकी लगाने के निर्देश दिए हैं। दोनों विभागों को अमरनाथ यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्था करनी होंगी, ताकि यात्रियों को शौचालय की सुविधा मिल सके।