उधमपुर। शहर में कोरोना संक्रमण पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग को शहर के अंदर मौजूद सभी सरकारी कार्यालयों, सरकारी स्कूलों में तैनात स्टाफ, बैंक कर्मचारियों और दुकानदार व व्यापारियों के कोरोना टेस्ट करने के आदेश जारी किए है। इसके लिए जिले में बुधवार से अभियान की शुरूआत की जाएगी। 18 मई तक शहर में मौजूद सभी कर्मचारियों के टेस्ट की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा। प्रशासन ने रोटेशन की सूची भी जारी कर दी है।
कोरोना संक्रमण को बढ़ने से रोकने के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग हर संभव प्रयास कर रहा है। इसी को लेकर डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट इंदु कंवल चिब ने रोटेश के हिसाब से कोरोना टेस्ट करने के आदेश जारी किए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें आरटीपीसीआर और रैपिड टेस्ट करेगी। बुधवार को कल्लर इलाके से इसकी शुरूआत की जाएगी। पहले दिन कल्लर से सैला तालाब, मेटाडोर स्टैंड तक करीब एक किलोमीटर के दायरे में टेस्टिंग की जाएगी। इसमें जीपी फंड, इंकम टैक्स, बीडीओ, एक्सईएन आरईडब्ल्यू, कृषि विभाग, यूनियन बैंक आफ इंडिया, जेके बैंक शक्तिनगर और देविका बैंक के कर्मचारियों के साथ दुकानदारों के कोरोना टेस्ट किए जाएंगे।
29 अप्रैल को मेटाडोर स्टैंड से रामनगर चौक तक इलेक्ट्रिकल सब डिविजन कार्यालय, सरकारी गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल के स्टाफ के साथ दुकादारों के टेस्ट होंगे। 30 अप्रैल को इंदिरा चौक से रामनगर चौक तक देविका बैैंक और जीएचएसएस के स्टाफ के साथ मुखर्जी बाजार, मुखर्जी गली और अस्पताल रोड के दुकानदारों के टेस्ट होंगे। एक और तीन मई को सरकारी महिला कालेज से डीएफओ कार्यालय तक सीईओ, जेडईओ, पीओ आईसीडीएस, यूथ सर्विस एंड स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट, डीएफओ कार्यालय, महिला कालेज के स्टाफ के साथ दुकानदारों के टेस्ट होंगे। चार और पांच मई को चबूतरा बाजार से इंदिरा चौक तक इलाकाई देहाती बैंक, जेके बैंक चबूतरा बाजार, ओबीसी, टाउन प्लानर आफिस, पीएनबी, पोलटेक्निकल कालेज, सीएमओ और डिप्टी सीएमओ कार्यालय के स्टाफ के साथ आर्य समाज गली, सब्जी मंडी के दुकानदारों के कोरोना टेस्ट होंगे।
छह मई को इंदिरा चौक से मेटाडोर स्टैंड टाउन हाल तक सेरीकल्चर डिपार्टमेंट, पीडीडी, को-आपरेटिव आफिस, एक्साइज एंड टैक्सेशन, जम्मू सेंट्रल सिटीजन कोआपरेटिव बैंक, जीएचएसएस ब्वायज, इंश्योरेंस और नगर परिषद के स्टाफ और दुकानदारों के टेस्ट होंगे। आठ और दस मई को बस अड्डा से आदर्श कालोनी और रामनगर चौक से डीसी आफिस कांप्लेक्स तक जेके बैंक क्लसटर हेड, जेके बैंक मैन ब्रांच, इडियन बैंक, पुलिस स्टेशन, दमकल विभाग, डीसी आफिस कंप्लेक्स, बैंक आफ इंडिया के स्टाफ के साथ दुकानदारों के टेस्ट होंगे। 11 मई को डीसी आफिस कंप्लेक्स से दोमेल चौक तक एक्सिस बैंक, पीएनबी, एसबीआई, इलाहबाद बैंक, सोशल वेलफेयर आफिस, कैनेरा बैंक के स्टाफ के साथ दुकानदारों के टेस्ट होंगे।
12 और 15 मई को दोमेल चौक से बिरमा पुल तक डीआईओ, डीटीसी, पीएचई, पीडीडी, पीएमजीएसवाई, एलआईसी, जेके बोर्ड, एसएसपी आफिस, पीडब्ल्यूडी, मैकेनिकल डिपार्टमेंट, असिस्टेंट लेबर कमिश्नर आफिस, रोजगार विभाग के स्टाफ और दुकानदारों के टेस्ट होंगे। 17 और 18 मई को वीनस चौक से सलाथिया चौक और रेलवे स्टेशन रोड से संगूर तक आईडीबीआई, एडीएमओ आफिस, हेड पोस्ट आफिस, बीएसएनएल आफिस, इरीगेशन, फिल्टर प्लांट संगूर, पीपीएफ कार्यालय के स्टाफ के साथ दुकानदारों के टेस्ट किए जाएंगे। सीएमओ उधमपुर को इसके लिए मेडिकल टीम की व्यवस्था करने को कहा गया है।
वार्ड स्तर पर कोविड टेस्टिंग अभियान को नहीं मिली मंजूरी
स्वास्थ्य विभाग ने पहले शहर में वार्ड के हिसाब से कोरोना टेस्टिंग की योजना तैयार की थी। इसके लिए रोटेशन की सूची भी जारी कर दी गई थी, लेकिन जिला प्रशासन की तरफ इसको मंजूरी नहीं मिली। जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग को आदेश दिए हैं कि पहले रोटेशन के हिसाब से सरकारी कर्मचारियों और दुकानदारों को कोरोना टेस्ट किए जाएं और उसके बाद वार्ड के हिसाब से अभियान की शुरूआत की जाए।