उधमपुर। कोविड-19 एसओपी का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन की कार्रवाई जारी है। मंगलवार को प्रशासनिक टीम ने चोपड़ा शॉप और गढ़ी इलाके में दुकानों के खुला मिलने पर सील कर दिया है।
डीसी इंदु कंवल चिब ने नियमों का पालन करवाने के लिए स्वयं मोर्चा संभाल रखा है। वह स्वयं बाजारों का दौरा कर समय-समय पर स्थिति का जायजा ले रही हैं। डीसी ने शहर के अंदर ही कुछ दुकानों के साथ होटल व ढाबों को सील किया है। मंगलवार को प्रशासन की टीम कार्रवाई करने के लिए शहर के साथ चोपड़ा शॉप और गढ़ी इलाके में पहुंची। इस दौरान मिठाई और रेडीमेड की दुकान को सील कर दिया गया। टीम ने पाया कि इन दुकानों के अंदर न तो सामाजिक दूरी का ख्याल रखा जा रहा है और न ही मास्क पहनने के नियम की तरफ ध्यान दिया जा रहा है।
इसकी शिकायतें जिला प्रशासन के पास पहुंची थी। टीम ने मौके पर ही दोनों दुकानों को सीज करने का आदेश जारी कर दिया। साथ ही दुकानदारों को चेतावनी दी है कि कोई भी कोरोना प्रोटोकाल का उल्लंघन न करे। इससे संक्रमण बढ़ेगा और आने वाले दिनों में लोगों को और भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। प्रशासन की टीम से चेतावनी मिलने के बाद दुकानदारों ने कोरोना प्रोटोकाल का पालन करना शुरू कर दिया है। प्रशासन की टीम ने मंगलवार दोपहर को शहर का भी दौरा किया है। इस दौरान कई दुकानों में कुछ ग्राहक ज्यादा नजर आए तो दुकानदारों को चेतावनी दी गई है। इसके साथ शहर के अंदर बिना मास्क के घूमने वाले लोगों पर भी कार्रवाई की गई है।