किश्तवाड़। जिले में करीब तीन माह बाद पाबंदियां खत्म होने से शाम के सात बजे तक दुकानें खुली रहीं, जिससे आम जनता सहित कारोबारियों को काफी राहत मिली है।
जिला उपायुक्त के आदेशानुसार प्रतिदिन शाम आठ से दूसरे दिन सुबह सात बजे तक कोरोना कर्फ्यू जारी रहेगा। वीकेंड कोरोना कर्फ्यू को हटा दिया गया है। एक दिन छोड़ कर लगभग पूरे सप्ताह दुकानें खुलेंगी। वहीं, दुकानदारों, वाहन चालकों और कारोबारियों के लिए टीका लगवाना अनिवार्य कर दिया है। जिमों को खोलने के लिए 50 फीसदी ही छूट दी गई है, जिसके बाद सोमवार को जिम भी खुले रहे जिसका लोगों ने स्वागत किया है। हालांकि धार्मिक कार्यक्रमों और संस्कार आदि के लिए पुराना आदेश बरकरार है। इसमें धार्मिक कार्यक्रमों में 25 और संस्कार में 20 लोगों के शामिल होने की अनुमति है। शहर में सोमवार शाम तक रौनक रही। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से अब शिक्षण संस्थानों को भी खोलने की मांग की है।