उधमपुर के रठियान में दो बाइक की टक्कर घायल हुआ युवक
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। रठियान इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार दो बाइक टकराने से उन पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार न होने पर एक को जीएमसी भेज दिया।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब सवा तीन बजे बट्टलबालियां से उधमपुर की तरफ आ रही बाइक की टक्कर सामने से आ रही दूसरी बाइक से हो गई। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। इस टक्कर में दोनों बाइकों पर सवार पवन कुमार पुत्र मदन लाल निवासी सुई उधमपुर, अक्षय कुमार पुत्र शिवचरण निवासी रठियान, साहिल अहमद पुत्र मोहम्मद जोमेल निवासी बट्टलबालियां और मानव देव सिंह पुत्र जगदेव सिंह निवासी चिनैनी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने इसके बारे में पुलिस को सूचित किया। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार न होने पर साहिल अहमद को जीएमसी रेफर कर दिया। पुलिस ने दोनों बाइकों को कब्जे में ले लिया और मामले की जांच भी शुरू कर दी है।