उधमपुर। जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर मांड इलाके में बुधवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने सीआरपीएफ के वाहन को टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से सीआरपीएफ का वाहन राजमार्ग पर पलट गया और अंदर बैठे पांच अधिकारी व जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए कटड़ा के नारायणा अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी अनुसार सुबह करीब सात बजे उधमपुर की तरफ आ रहे सीआरपीएफ के वाहन जेके02बीएन-6560 को ट्रक नंबर पीबी06बी-7355 ने टक्कर मार दी। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार ट्रक बहुत ही तेज रफ्तार से चल रहा था। जिस कारण चालक ट्रक पर काबू नहीं रख सका और सीआरपीएफ के वाहन को टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से सीआपीएफ का वाहन पलट गया और अंदर बैठे लोग फंस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने अंदर फंसे जवानों और अधिकारियों को निकालने का प्रयास शुरू कर दिया और कड़ी मशक्कत कर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। उन्हें उपचार के लिए नारायणा अस्पताल कटड़ा पहुंचाया। घायलों की पहचान एएसआई गोविंद राज, एएसआई एस सिल्वर राज, एएसआई रोमेश, एएसआई बृज लाल और स्पेशल ग्रेड कांस्टेबल अशोक कुमार के रूप में हुई है। वहीं, पुलिस ने टक्कर मारने वाले ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है। रैंबल पुलिस स्टेशन में अंडर सेक्शन 279/337 आईपीएसी के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।