कटड़ा। टोक्यो पैरा ओलंपिक में हिस्सा लेकर धर्मनगरी पहुंचने पर तीरंदाज राकेश कुमार का जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर जिला आर्चरी एसोसिएशन की ओर से विशाल रैली निकाली गई। खुली जीप में सवार तीरंदाज की स्वागत रैली में सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया।
रैली कस्बे के एशिया चौक से जम्मू मार्ग, मुख्य बस अड्डा, बाणगंगा मार्ग, चिंतामणि मार्ग, शालीमार पार्क मार्ग, अपर बाजार, मुख्य बाजार, उधमपुर मार्ग, रेलवे मार्ग से होकर नताली में पहुंच कर संपन्न हुई।
रैली में शामिल युवा ने नारे लगा कर राकेश कुमार का स्वागत किया। हर जगह लोगों फूल बरसा कर स्वागत किया।
वहीं, नगर पालिका के अध्यक्ष विमल इंदु, पार्षद अंबरीष मगोत्रा, वीके राय, भूषण कुमार, जेएंडके इंडियन स्टाइल रेसलिंग एसोसिएशन के प्रधान शिव कुमार शर्मा, सुनील कुमार, आर्चरी एसोसिएशन के जिला प्रधान अरुण शर्मा, महासचिव राकेश शर्मा माता की चुनरी और फूलों के हार पहनाए। इस मौके पर उसके पिता प्रीतम चंद, माता दर्शन देवी सहित भाई दीप कुमार बजाल, पत्नी ज्योति देवी भी मौजूद रहे।
श्राइन बोर्ड की वजह से पूरा हुआ सपना
प्रेसवार्ता में तीरंदाज राकेश कुमार ने बताया कि पैरा ओलंपिक खेलों में हिस्सा लेना मेरा सपना था, जो श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के साथ ही कोच कुलदीप कुमार वेदवान के प्रयासों से संभव हो पाया। इस मौके पर सोहन चंद, अमरीक सिंह, शुभम शर्मा, रजत शर्मा, राजू जगनी आदि स्थानीय लोग मौजूद रहे।