चिनैनी। चिनैनी पुलिस स्टेशन के अंतर्गत जीरो प्वाइंट के पास चलती बस से उतरते समय लोहे के जंगले से टकराने से किशोर की मौत हो गई। उसकी पहचान खैर चंद (16) पुत्र प्रकाश चंद निवासी मादा के रूप में हुई है। वह वाहनों में फल बेच कर परिवार का पालन-पोषण करता था।
जानकारी के अनुसार चिनैनी के जीरो प्वाइंट के पास चलती बस से उतरते समय सड़क किनारे लगे लोहे के जंगले से टकरा कर किशोर की मौत हो गई। हादसे के बाद चिनैनी-नाशरी टनल की एंबुलेंस के जरिए उसे सीएचसी चिनैनी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत लाया घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने बस को सीज कर चालक को हिरासत में ले लिया है। वहीं, मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।