उधमपुर। जिले के शहर व ग्रामीण इलाकों में मंगलवार को 3708 लोगों को वैक्सीन लगवाई गई है। हजारों की संख्या में लोग वैक्सीन लगवाने के लिए वैक्सीन सेंटरों में पहुंचे थे और कई लोगों को बिना वैक्सीन लगवाए वापस लौटना पड़ सकता है। इनको अब बुधवार को वैक्सीन लगाई जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग के पास वैक्सीन का पर्याप्त स्टाक मौजूद है, जिस कारण रोजाना हजारों लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है। सोमवार को जहां पांच हजार से अधिक लोगों ने टीका लगाया था, लेकिन मंगलवार को वैक्सीन लगवाने लोगों की संख्या में थोड़ी कमी आई है।
जानकारी के अनुसार 53 फ्रंट लाइन वर्कर्स को दूसरी, 18 से 44 आयु वर्ग में 2348 लोगों को पहली और दस को दूसरी डोज, 45 से 60 आयु वर्ग में 140 लोगों को पहली और 896 लोगों को दूसरी, 32 वरिष्ठ नागरिकों को पहली और 229 लोगों को दूसरी डोज दी गई है। वैक्सीन लगवाने के लिए लोग सुबह नौ बजे ही वैक्सीन सेंटर में पहुंच गए थे। इसके बाद लोगों का पहुंचना लगातार जारी रहा। शाम तक कई लोगों को वैक्सीन लगाने का नंबर नहीं आया तो निराश होकर घरों को लौट गए। स्वास्थ्य विभाग ने इनको बुधवार को वैकसीन लगवाने का आश्वासन दिया है।