उधमपुर। वैक्सीन लगवाने लोगों की संख्या में बुधवार के मुकाबले वीरवार को बढ़ोतरी देखी गई। शाम तक 3404 लोगों को वैक्सीन लगाई गई है। इनमें कुल 1077 लोगों ने कोरोना वैक्सीन की पहली और 2327 लोगों ने दूसरी डोज ली है। शहर व ग्रामीण इलाकों में वैक्सीन लगवाने के लिए लोगों का सुबह से दोपहर तक पहुंचना जारी रहा।
गौरतलब है कि स्वास्थ्य विभाग के पास नया स्टाक मिलने के बाद कोरोना वैक्सीन लगवाने वालों की संख्या में बढोतरी हुई है। रोजाना तीन हजार से अधिक लोग वैक्सीन केंद्रों पर पहुच कर वैक्सीन लगवा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग भी वैक्सीन लगाने की प्रक्रिया को तेजी के साथ पूरा कर रहा है। हालांकि बुधवार को खराब मौसम के कारण इसमें थोड़ी गिरावट आई थी, लेकिन वीरवार को मौसम में सुधार आने के बाद फिर से इनकी संख्या में बढ़ोतरी देखी गई। शाम तक कुल 3404 लोगों ने वैक्सीन लगवाई है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार वीरवार को शाम तक एक फ्रंट लाइन वर्कर्स ने दूसरी, 18 से 44 आयु वर्ग में 996 लोगों ने पहली तथा 1633 ने दूसरी डोज लगवाई। इसके अलावा 45 से 60 आयु वर्ग में 74 लोगों ने पहली और 550 लोगों ने दूसरी, 07 वरिष्ठ नागरिकों ने पहली और 143 ने दूसरी डोज लगवाई है।