किश्तवाड़। जिले में मंगलवार को कोरोना के 27 नए मामले सामने आए हैं, जिनमें सभी स्थानीय हैं। इसके साथ ही जिले में संक्रमितों का आंकड़ा 3840 पहुुंच गया है, जिनमें से 3469 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, 30 लोगों की संक्रमण के चलते जान जा चुकी है। किश्तवाड़ में मौजूदा समय में 341 मामले सक्रिय हैं।
उधर, मुगलमैदान तहसील की सिगदी पंचायत के जबकुल गांव में कोरोना के मामले मिलने पर एक मोहल्ले को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। जिला मजिस्ट्रेट अशोक कुमार शर्मा की ओर से जारी आदेशानुसार मुलवाड़ मार्ग पर अब्दुल सुभान अंहगर की दुकान से लेकर पूरा जबकुल गांव रेड जोन में शामिल किया गया हे। नायब तहसीलदार कुछाल को नोडल अधिकारी तैनात किया गया है। उन्हें करीब 200 लोगों के टेस्ट करवाने की जिम्मेदारी दी गई है। सीएमओ को जल्द प्रभावित इलाके में टीम भेजने के निर्देश दिए हैं। थाना प्रभारी छात्रू को रेड जोन इलाके में पाबंदियां लगाने और नियमों का सख्ती से पालन करवाने के लिए कहा गया है।