रामबन। रामबन पुलिस ने बुधवार सुबह तड़के जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर नाशरी और रामबन में मवेशी तस्करी का प्रयास विफल करते हुए 172 पशुओं को मुक्त करवाया है। वहीं, छह वाहनों को जब्त कर तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि कई अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे हैं।
नाशरी और रामबन में राजमार्ग पर नियमित जांच के दौरान श्रीनगर के रास्ते पर छह वाहनों को तलाशी के लिए रोका गया था। ट्रकों में अवैध रूप से 172 मवेशी लदे मिले, जिन्हें बुरे तरीके से वाहनों के अंदर ठूंसा गया था। कारवाई करते हुए पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर लिया और तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान मंजूर अहमद निवासी गोविंदपुरा मैत्रा (रामबन) और मोहम्मद फारूक निवासी बलिनाला (उधमपुर) के रूप में हुई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल में शामिल छह वाहन (जेके02एजे-5365, जेके14डी3-4248, जेके02एक्यू-7781, जेके14बी-8523, जेके02एएस-7981 और जेके14बी-8772) को जब्त किया है। पुलिस ने इस संबंध में पुलिस थाना बटोत और रामबन में छह मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।