उधमपुर। केंद्रीय रिर्जव पुलिस बल की 137 बटालियन की ओर से 22वां स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर बल ने पौधरोपण और मिठाई बांटने के बाद सफाई अभियान चलाया।
कार्यक्रम की शुरूआत में बल के कमांडेंट मोहम्मद खालिद खान ने कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए क्वार्टर गार्ड की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने सभी को स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ की 137 बटालियन की स्थापना 21 वर्ष पूर्व 24 जुलाई, 2000 को सीआरपीएफ के ग्रुप केंद्र जालंधर (पंजाब) में हुई थी।
2009 से बटालियन उधमपुर में तैनात है और सतर्कता के साथ ड्यूटी निभा रही है। इसके साथ ही उन्होंने 137 बटालियन द्वारा अर्जित किए गए मेडल और प्रशंसा पत्रों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते बल को साल 2018-19 में यूनिट की सर्वश्रेष्ठ प्रशासनिक बटालियन और 2019-20 में सर्वश्रेष्ठ परिचालनिक बटालियन घोषित किया गया है। उन्होंने बटालियन के इतिहास, उपलब्धियों, गतिविधियों और शहीदों के बारे में विस्तार से बताया है। बाद में दो मिनट का मौन रख कर शहीदों को याद किया। इस मौके पर बल के द्वितीय कमान अधिकारी साधू सरन यादव, द्वितीय कमान अधिकारी शोभा रावत, चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर नीरज पांडे आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।