फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

श्रीनगर में मौसम की सबसे ठंडी रात, पारा माइनस चार डिग्री, द्रास देश में सबसे ठंडा

Mon, 09 Dec 2019 01:10 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला ब्यूरो, जम्मू
विज्ञापन
आग का सहारा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

केंद्र शासित प्रदेशों जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में ठंड का प्रकोप जारी है। रविवार को श्रीनगर में मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। जहां न्यूनतम तापमान माइनस चार डिग्री दर्ज किया गया। कारगिल जिले का द्रास सेक्टर माइनस 26 डिग्री के साथ देश का सबसे ठंडा स्थान रहा। साथ ही जम्मू का औसत तापमान भी दो डिग्री सेल्सियस गिरकर आठ डिग्री सेल्सियस रहा।

विज्ञापन


 अधिकारियों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण बुधवार को बर्फबारी और बारिश होने की संभावना है। श्रीनगर रविवार को गहरे धुंध की चपेट में रहा। आम लोगों को दिन में ही अपने वाहनों की लाइट चालू कर सफर करना पड़ा। 

रविवार को श्रीनगर में घने कोहरे और जमा देने वाली हवाओं के साथ न्यूनतम औसत तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस गिरकर माइनस चार डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। तापमान में गिरावट के कारण आबादी वाले क्षेत्रों के कुछ नलों समेत डल झील का भी कुछ हिस्सा जम गया।
विज्ञापन


इस बार घाटी में ठंड का प्रकोप समय से पहले शुरू हो गया था। इसका मुख्य कारण सात नवंबर से घाटी में हुई बर्फबारी है। विश्व के दूसरे सबसे ठंडे आबादी वाले क्षेत्र द्रास में रविवार को न्यूनतम तापमान पिछली रात माइनस 25.4 डिग्री सेल्सियस से गिरकर माइनस 26 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इसके अलावा लेह शहर का न्यूनतम तापमान माइनस 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

कश्मीर घाटी के विश्व प्रसिद्ध पहलगाम हिल रिसॉर्ट में न्यूनतम तापमान माइनस 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो घाटी का सबसे ठंडा क्षेत्र रहा। इसके बाद प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग न्यूनतम तापमान माइनस 5.6 डिग्री सेल्सियस के साथ घाटी का दूसरा सबसे ठंडा स्थान रहा। 

कटड़ा में तापमान 8.2 डिग्री
जम्मू के रियासी जिले में स्थित वैष्णो देवी भ्रमण पर आए श्रद्धालुओं के ठहरने के स्थान कटड़ा का न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि डोडा जिले का भद्रवाह शहर न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस के साथ जम्मू संभाग का सबसे ठंडा क्षेत्र रहा।

आज हल्की बारिश और बर्फबारी
 मौसम विभाग के निदेशक सोनम लोटस ने बताया कि सोमवार को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में हल्की बर्फबारी और बारिश के चलते रात के तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। इसके साथ ही बर्फबारी और बारिश के कारण दिन के तापमान में गिरावट भी दर्ज की जाएगी। वीरवार को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के उंचे क्षेत्र पिरपंजाल, जोजिला पास, जांस्कर, बनिहाल टॉप और मुगल रोड आदि में भारी बर्फबारी की  संभावना है।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें