श्रीनगर के सरकारी डेंटल कॉलेज में केरल से आई दो एमडीएस छात्राएं कोविड-19 पॉजिटिव पाई गईं हैं और उन्हें हॉस्टल में आइसोलेशन में रखा गया है। डॉक्टरों के अनुसार घबराने की जरूरत नहीं है, दोनों में हल्के लक्षण हैं और स्थिति नियंत्रण में है।
श्रीनगर में जीएमसी में दो कोविड-19 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। दोनों प्रभावित मरीज केरल की छात्राएं हैं जो सरकारी डेंटल कॉलेज, श्रीनगर में एमडीएस की पढ़ाई कर रही हैं। हाल ही में वे अपने घरों से लौटी थीं और अस्वस्थ महसूस कर रही थीं, जिसके बाद उनका कोविड-19 टेस्ट किया गया।
विज्ञापन
दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें आइसोलेशन में रखा गया है। प्रिंसिपल जीडीसी श्रीनगर, प्रोफेसर (डॉ.) संदीप कौर बाली ने पुष्टि की है कि दोनों छात्राएं कोविड पॉजिटिव पाई गई हैं और उन्हें हॉस्टल में आइसोलेट किया गया है। डॉक्टर ने बताया कि घबराने की कोई बात नहीं है, क्योंकि कोविड अब पहले की तुलना में कम खतरनाक है और अधिकांश मामलों में हल्के लक्षण दिखाई देते हैं।