श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने गणतंत्र दिवस के मद्देनजर श्रीनगर में सक्रिय तीन आतंकियों के पोस्टर जारी किए हैं। पुलिस कुछ समय से इनकी तलाश कर रही है। पुलिस ने दहशतगर्दों की सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखने के साथ उसे इनाम देने की भी घोषणा की है। इन पोस्टर पर मोबाइल नंबर भी प्रकाशित हैं।
श्रीनगर के लाल चौक और उससे सटे इलाकों में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने तीनों आतंकियों के कई जगह पोस्टर लगाए हैं। इनकी पहचान रेडवानी पाईन कुलगाम के बासित अहमद डार उर्फ कामरान, वागाम पुलवामा के आरिफ अहमद हजार उर्फ रेहान भाई और फिरदौस कॉलोनी ईदगाह श्रीनगर के मूमिन गुलजार मीर उर्फ मूमिन बताई गई है।
सुरक्षा एजेंसियों ने कश्मीर घाटी में विशेष रूप से श्रीनगर में गणतंत्र दिवस पर अलर्ट जारी किया है, क्योंकि अंदेशा है कि आतंकी इस अवसर पर किसी वारदात को अंजाम देकर अपनी मौजूदगी दर्ज कर सकते हैं। माना जा रहा है कि पुलिस ने श्रीनगर में सक्रिय इन तीन आतंकियों के फोटो लोगों को जागरूक करने के लिए सार्वजनिक किए हैं, ताकि इन पर नजर रखी जा सके।