बारामुला के सोपोर में पीएसए के तहत पकड़े आरोपी। स्रोत पुलिस
- सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने का है आरोप, और भी लोगों की जा रही पहचान
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के सोपोर में पुलिस ने सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने के आरोप में छह लोगों के खिलाफ सख्त पब्लिक सेफ्टी एक्ट (पीएसए) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सोपोर क्षेत्र में हाल ही में छात्राओं के प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था भंग करने, तोड़फोड़ करने और माहौल भड़काने में शामिल पाए गए तत्वों के खिलाफ यह कार्रवाई की गई। हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान उमर अकबर हजाम (सीलू), सलमान अहमद शाला (शालपोरा), अल्ताफ अहमद शेख (पंजीपोरा तारजू), मुब्बशिर हमद गिलकार (नसीराबाद), मुजम्मिल मुश्ताक चांगा (आरामपोरा) और माजिद फिरदौस डार (चिंकीपोरा, सोपोर) के रूप में हुई है।
प्रवक्ता ने बताया कि सक्षम प्राधिकारी, यानी जिला मजिस्ट्रेट से हिरासत वारंट प्राप्त करने के बाद सभी को पीएसए के तहत गिरफ्तार कर जिला जेल भद्रवाह भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि इनकी गतिविधियों से इलाके की शांति और सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हुआ था। पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किसी भी गैर-कानूनी गतिविधि के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। साथ ही, घटनाओं में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। उनके खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि इसी महीने की शुरुआत में गवर्नमेंट गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल सोपोर में एक छात्रा की ओर से वरिष्ठ व्याख्याता पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाए जाने के बाद विरोध प्रदर्शन भड़क गए थे। बाद में आरोपी शिक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे जांच पूरी होने तक निलंबित कर दिया गया।