माैसम के बदले रुख से जनजीवन और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई
अमर उजाला ब्यूरो/संवाद
श्रीनगर/बांदीपोरा। प्रदेश में रविवार को मौसम ने एक बार फिर करवट बदली। मैदानी इलाकों में बारिश तो कश्मीर समेत ऊंचे पहाड़ों पर अच्छी बर्फबारी हुई। माैसम के बदले रुख से जनजीवन और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है। राजदान टॉप और पीर की गली में बर्फ जमने से फिसलन बढ़ गई है। इसके चलते बांदीपोरा-गुरेज सड़क और ऐतिहासिक मुगल रोड को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया है।
प्रदेश में दो दिन से माैसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। रविवार रात को प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। बांदीपोरा जिले को सुदूर गुरेज घाटी से जोड़ने वाली एकमात्र 85 किलोमीटर लंबी सड़क भी बंद कर दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक, 11,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित राजदान दर्रे पर काफी बर्फ जमा हो गई है। इसके अलावा इस क्षेत्र में दृश्यता भी बहुत कम है। शोपियां और गुलमर्ग में भी बर्फबारी हुई है।
गुरेज के सब-डिवीजनल मजिस्ट्रेट डॉ. मुख्तार अहमद ने बताया कि मौजूदा खराब मौसम को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। अगले आदेश तक इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह निलंबित रहेगा। दावर और तुलेल घाटी में भी दिन भर बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा।
पीर पंजाल रेंज में पड़ने वाले ऊंचाई वाले इलाकों में भी रविवार को बर्फ गिरी। इसके कारण ऐतिहासिक मुगल रोड को बंद करना पड़ा। विशेष रूप से पीर की गली के पास बर्फ जमा होने से सड़क पर वाहन चलाना खतरनाक हो गया है। अधिकारियों ने बताया कि कनेक्टिविटी बहाल करने के लिए बर्फ हटाने वाली मशीनों और टीमों को काम पर लगा दिया गया है। हालांकि, जब तक मौसम पूरी तरह साफ नहीं हो जाता और सड़क से बर्फ हटाकर उसे सुरक्षित नहीं कर दिया जाता तब तक वाहनों को आने-जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
ट्रैफिक कंट्रोल रूम से संपर्क कर निकलें यात्रा पर, किसान 20 तक रोकें कृषि के काम
प्रशासन ने यात्रियों और ड्राइवरों को सलाह दी है कि वे इन मार्गों पर यात्रा शुरू करने से पहले ट्रैफिक कंट्रोल रूम से संपर्क करें और मौसम की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही घर से निकलें। यात्रियों, परिवहनकर्ताओं, आम जनता, जो ऊंचे इलाकों और महत्वपूर्ण दर्रों से होकर यात्रा कर रहे हैं उन्हें सावधान रहने की सलाह दी गई है। किसानों को सलाह दी जाती है कि वे 15-20 मार्च के दौरान खेतीबाड़ी के काम रोक दें।
श्रीनगर में दिन और रात के तापमान में सिर्फ डेढ़ डिग्री का अंतर
कश्मीर में रविवार को पहाड़ों पर हुई बर्फबारी और मैदानी इलाकों में हुई बारिश से दिन का पारा 9 डिग्री तक गिर गया। वहीं रात का तापमान अभी भी सामान्य से 6 डिग्री तक अधिक चल रहा है। श्रीनगर में दिन और रात के तापमान में महज डेढ़ डिग्री का फर्क रह गया। यहां अधिकतम तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 4.2 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा। ये सामान्य से 5.7 डिग्री अधिक है। कश्मीर के प्रवेश द्वार काजीगुंड में अधिकतम तापमान 11.4 व न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री रहा। पहलगाम में अधिकतम तापमान 9.4 व न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री, गुलमर्ग में अधिकतम तापमान 5.2 व न्यूनतम तापमान माइनस 1.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
आज भी बारिश और बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी कई स्थानों पर रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। 17 मार्च को हल्के बादल छाए रहेंगे और कुछ अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 18-20 मार्च को भी ऐसा ही माैसम रहेगा। 21 से माैसम साफ होने लगेगा।