श्रीनगर के डाउनटाउन क्षेत्र सहित घंटाघर, लाल चौक में कई दुकानें बंद दिखीं। हालांकि, यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से जारी है। वहीं, प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ ईशनिंदा की टिप्पणी के खिलाफ घाटी के विभिन्न क्षेत्र शुक्रवार को एक बार फिर बंद रहे। इस दौरान सरकारी कार्यालयों और बैंकों में भी कम उपस्थिति रही। सड़कों पर यातायात भी अन्य दिनों की अपेक्षा कम दिखा।
विज्ञापन
शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शन की आशंका के मद्देनजर श्रीनगर के पुराने शहर के साथ अन्य संवेदनशील इलाकों में सुरक्षाबलों की अतिरिक्त तैनाती की गई थी। इस बीच लाल चौक स्थित घंटाघर के पास अवामी आवाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे एक व्यक्ति ने कहा कि पिछले शुक्रवार को भी रोष व्यक्त किया था। उन्होंने कहा कि जो कार्रवाई नूपुर शर्मा और नवीन जिंदल के खिलाफ होनी चाहिए थी, वह अभी तक नहीं हुई है।