- भाजपा प्रवक्ता ने कहा, पाकिस्तान का आतंकवाद और क्षेत्रीय अस्थिरता का रहा है रिकाॅर्ड
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। ईरान और अमेरिका के बीच असफल मध्यस्थता प्रयासों के बीच भाजपा जम्मू-कश्मीर के प्रवक्ता मंजूर भट ने आलोचना करते हुए कहा कि पाकिस्तान के आतंकवाद और क्षेत्रीय अस्थिरता पर रिकॉर्ड को देखते हुए यह अपेक्षित परिणाम था। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान पर मध्यस्थ के रूप में भरोसा नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि एक ऐसा देश है जो लगातार आतंकवाद को प्रायोजित और अन्य राष्ट्रों को निर्यात करता रहा है उस पर शांति के लिए एक विश्वसनीय मध्यस्थ के रूप में भरोसा नहीं किया जा सकता। भट ने कहा बलोचिस्तान में जारी हिंसा से अफगानिस्तान में अस्थिरता और भारत में शांति भंग करने के बार-बार प्रयास तक पाकिस्तान की भूमिका संदिग्ध रही है।
उन्होंने कहा कि भारत की निर्णायक कार्रवाइयों का उल्लेख करते हुए उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर पर ध्यान आकर्षित किया। जिसके माध्यम से भारत ने पाकिस्तान को वैश्विक स्तर पर बेनकाब किया। उन्होंने सवाल किया कि एक ऐसा देश, जो अफगानिस्तान, बलोचिस्तान और भारत जैसे क्षेत्रों में आतंकवाद फैलाने के लिए जाना जाता है उसे कैसे शांति या स्थिरता की शक्ति के रूप में देखा जा सकता है।
उन्होंने कहा एक राष्ट्र जो अशांति पैदा करता है अचानक शांति का संदेशवाहक कैसे बन सकता है। ईरान और इस्राइल को लेकर चल रहे तनाव पर उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शांति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा यह प्रोत्साहक है कि संयुक्त राज्य अमेरिका जैसे देश भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर मध्यस्थता में रचनात्मक भूमिका के लिए देख रहे हैं। यह भारत की एक जिम्मेदार और शांति-उन्मुख वैश्विक शक्ति के रूप में बढ़ती स्थिति को दर्शाता है।
भट्ट ने कहा कि यदि भारत को मध्यस्थता में योगदान देने का अवसर दिया जाता है तो हमें विश्वास है कि यह जिम्मेदारी के साथ और वैश्विक शांति के व्यापक हित में कार्य करेगा।