- मीस्कीन बाग के एक घर में दिया गया था वारदात को अंजाम, 16 अंगूठियां, पांच हार और चूड़ियों समेत लाखों के जेवर जब्त
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। श्रीनगर पुलिस ने खानयार थाना क्षेत्र के अंतर्गत मीस्कीन बाग में हुई एक सनसनीखेज चोरी की वारदात का मात्र 48 घंटों के भीतर सफल खुलासा कर एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने घर में घरेलू सहायकों की आड़ में चोरी करने वाले असम के दो आरोपियों को धर दबोचा है और उनके कब्जे से लगभग 45 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण शत-प्रतिशत बरामद कर लिए हैं।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 25 अक्तूबर 2026 को पुलिस स्टेशन खानयार को मीस्कीन बाग निवासी बशारत हुसैन की ओर से एक लिखित शिकायत मिली थी। पीड़ित ने बताया कि उनके आवास से अज्ञात चोरों द्वारा भारी मात्रा में कीमती सोने के जेवरात चुरा लिए गए हैं। शिकायत मिलते ही हरकत में आई श्रीनगर पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की और मामले की तह तक जाने के लिए कई विशेष टीमों का गठन किया।
मामले की जांच के लिए बनाई गई पुलिस टीमों ने आधुनिक तकनीकी सर्विलांस और पारंपरिक मानवीय खुफिया इनपुट का बेहतरीन समन्वय किया। कड़ियों से कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और उन्हें ट्रेस कर दबोचने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी निकिता दास मूल निवासी मोरीगांव असम और दीप बरुआ मूल निवासी मोरीगांव, असम हैं। पुलिस पूछताछ में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि ये दोनों आरोपी पिछले कुछ समय से शिकायतकर्ता के घर पर घरेलू सहायकों के रूप में काम कर रहे थे। घर के अंदर की गतिविधियों और लॉकरों की जानकारी होने का फायदा उठाते हुए इन्होंने चोरी की इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया पूरा माल बरामद कर लिया है। इनमें सोने की 16 अंगूठियां, सोने के पांच हार, सोने की चार चूड़ियां, सोने के दो ब्रोच, सोने के तीन टाई पिन, सोने के सात पेंडेंट और सोने के कान के नौ झुमके व इयरिंग्स शामिल हैं।
बरामद किए गए इन सभी आभूषणों की कुल अनुमानित बाजार कीमत लगभग 45 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या इस साजिश में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या इन्होंने अकेले ही इसे अंजाम दिया।
श्रीनगर पुलिस की नागरिकों को अहम सलाह
इस सफल खुलासे के बाद श्रीनगर पुलिस ने आम नागरिकों के लिए एक बार फिर एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने जनता से पुरजोर अपील की है कि किसी भी बाहरी राज्य या अन्य स्थानों से आने वाले घरेलू सहायकों, कुक या ड्राइवरों को काम पर रखने से पहले उनकी विधिवत पुलिस वेरिफिकेशन और पहचान की औपचारिकताएं अवश्य पूरी करवाएं, ताकि इस तरह की आपराधिक वारदातों से बचा जा सके।