बारामुला में डॉ. जीएन इत्तू ने की सुशासन कार्यशाला की अध्यक्षता
संवाद न्यूज एजेंसी
बारामुला। सुशासन सप्ताह के राष्ट्रव्यापी आयोजन के तहत, इस्लामिक यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस एंड पॉलिसी एनालिसिस के निदेशक डॉ. जीएन इत्तू ने जिला उपायुक्त कार्यालय, बारामूला के मुख्य सभागार में आयोजित सुशासन प्रथाओं पर एक कार्यशाला की अध्यक्षता की।
यह कार्यशाला प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत आयोजित की गई, जो 19 से 25 दिसंबर तक जिले की सभी पंचायत हल्काओं में मनाया जा रहा है। इस सप्ताह भर चलने वाले कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिक-केंद्रित शासन को सुदृढ़ करना और प्रभावी सेवा वितरण सुनिश्चित करना है।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए डॉ. जीएन इत्तू ने पारदर्शी और उत्तरदायी शासन को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन की सक्रिय पहल और प्रतिबद्ध प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सुशासन सप्ताह का व्यापक उद्देश्य विकसित भारत के राष्ट्रीय विजन से जुड़ा है, जिसे साकार करने के लिए श्रेष्ठ शासन प्रथाओं को अपनाना और उनका निरंतर क्रियान्वयन आवश्यक है।