अनंतनाग। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के बिजबिहाड़ा इलाके में सोमवार को झेलम नदी में डूबे दो सगे भाइयों के शव कई घंटों की तलाश के बाद बरामद कर लिए गए।
अधिकारियों के अनुसार मृतकों की पहचान शाहिद बशीर मलिक और माजिद के रूप में हुई है। दोनों बिजबिहाड़ा के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि दोनों नदी किनारे अपनी भेड़ों को नहलाने गए थे। तभी उनका पैर फिसल गया और नदी के तेज बहाव में बह गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी नदी किनारे जुट गए और तलाश अभियान में सहयोग किया।
कई घंटों की मशक्कत के बाद दोनों शवों को नदी से बाहर निकाला गया। शवों को कानूनी और चिकित्सकीय औपचारिकताओं के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजन को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिए जाएंगे। संवाद