श्रीनगर। उपायुक्त श्रीनगर अक्षय लाबरू ने सोमवार को एसएमएचएस अस्पताल और सुपर स्पेशएलिटी अस्पताल के इर्द-गिर्द अत्यधिक भीड़भाड़ वाले इलाकों का दौरा कर पार्किंग व्यवस्था तथा ट्रैफिक फ्लो का जायजा लिया।
उपायुक्त ने सुनेर कुल बंड, श्रीन बाग सहित कई प्रमुख स्थानों का दौरा किया और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों व सिविल प्रशासन के अधिकारियों से बातचीत कर अस्पताल परिसर में जाम कम करने के लिए किए जा रहे उपायों की जानकारी ली।
उपायुक्त ने कहा कि उनका दौरा विशेष रूप से ट्रैफिक की बाधाओं को चिह्नित करने, सड़क किनारे अवैध पार्किंग पर अंकुश लगाने तथा एम्बुलेंस व इमरजेंसी वाहनों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने पर केंद्रित रहा। उन्होंने हाल ही में लागू की गई डायवर्जन योजनाओं और अस्थायी पार्किंग व्यवस्था की प्रभावशीलता का भी मूल्यांकन किया। मौके पर मौजूद कर्मियों से फीडबैक लेते हुए डीसी ने पीक ऑवर्स में मरीजों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मौजूदा व्यवस्था में कमियों को तुरंत दूर करने के निर्देश दिए। अवैध पार्किंग पर सख्ती और क्रिटिकल मेडिकल सेवाओं तक निर्बाध पहुंच सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। संवाद