बारामुला के दृष्टिबाधित छात्र ने हासिल किए 468 अंक
शारीरिक सीमाओं को चुनौती देते हुए असाधारण दृढ़ संकल्प के बल पर उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के चंदीकूट गांव के दृष्टिबाधित छात्र मुसैब यूसुफ ने जेके बोर्ड की कक्षा 10 की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 500 में से 468 अंक हासिल किए हैं।
मुसैब की यह उल्लेखनीय उपलब्धि पूरे जिले में सराहना प्राप्त कर रही है। यह एक शक्तिशाली संदेश देती है कि आंखों की रोशनी का अभाव दिमाग की चमक को कभी कम नहीं कर सकता। परिणाम घोषित होने के बाद बातचीत में मुसैब ने विनम्रता से अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता के अटूट समर्थन और शिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि उनके प्रोत्साहन ने ही उन्हें चुनौतियों पर विजय प्राप्त करने और प्रेरित रहने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिक्षकों और स्थानीय निवासियों ने मुसैब को मेहनती, अनुशासित और दृढ़ इच्छाशक्ति वाला बताया।
चिनैनी की आराध्या ने 10वीं में हासिल किए 98 प्रतिशत अंक
गर्ल्स हाई स्कूल चिनैनी की छात्रा आराध्या अंताल ने 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में 98 प्रतिशत अंक लेकर स्कूल तथा क्षेत्र का नाम रोशन किया है। परिजनों ने कहा कि आराध्या पढ़ने-लिखने में काफी तेज है तथा उसने काफी मेहनत की है। स्कूल में टॉप कर 98 फीसदी अंक हासिल किए हैं।
पिता रबिंद्र अंताल ने कहा कि आराध्या का सपना है कि वह डॉक्टर बने और उसने पूरे क्षेत्र में स्कूल का तथा परिजनों का नाम रोशन किया है। आराध्या के अच्छे अंक आने के बाद घरों में बधाई देने वालों का तांता लग गया। उन्होंने कहा कि उनकी बच्ची ने अच्छे अंक लिए हैं तो इसमें स्कूल प्रशासन का काफी सहयोग है और वह उनका भी धन्यवाद करते हैं।