जम्मू। जम्मू जिले की आरएस पुरा और सुचेतगढ़ सीटों पर भारी मतदान हुआ। कुल मिलाकर दोनों सीटों पर 68.66 फीसदी वोट पड़े हैं। आरएस पुरा सीट पर 65.87 और सुचेतगढ़ सीट पर 71.22 फीसदी मतदान हुआ। इन दोनों सीटों पर पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक और पूर्व राज्यसभा सांसद खड़े हैं। भाजपा और कांग्रेस की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। 22 दिसंबर को मतगणना के बाद ही पता चल पाएगा कि मतदाताओं का विश्वास जीतने में कौन उम्मीदवार कामयाब हुआ।
सुचेतगढ़ जिला विकास परिषद सीट से भाजपा ने पूर्व मंत्री शाम चौधरी को अपना उम्मीदवार बनाया है, जोकि इस सीट पर दो बार विधायक भी रह चुके हैं। वहीं कांग्रेस ने पूर्व राज्यसभा सांसद त्रिलोक सिंह बाजवा को अपना उम्मीदवार बनाया है। बाजवा हाल ही में पीडीपी से इस्तीफा देकर कांग्रेस में शामिल हुए थे। वहीं आरएस पुरा जिला विकास परिषद सीट पर भाजपा ने पूर्व विधायक प्रो. गारू राम भगत को उम्मीदवार बनाया हुआ हैं। ऐसे में इन सीटों से भाजपा और कांग्रेस की प्रतिष्ठा भी दांव पर हैं।