श्रीनगर में हेमवती बहुगुणा की मूर्ति पर माल्यार्पण करते सितारगंज के विधायक सौरभ बहुगुणा
- फोटो : amar ujala
सितारगंज विधायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के बेटे सौरभ बहुगुणा ने चुनाव जीतने के बाद श्रीनगर पहुंचकर अपने दादा और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की प्रतिमा का माल्यार्पण किया। रविवार को वह अपने पैतृक गांव बुघाणी और देवलगढ़ मंदिर जाकर पूजा अर्चना करेंगे।
शनिवार देर शाम सौरभ ने अपनी पत्नी सुमेधा के साथ बस अड्डे और गोला पार्क स्थित स्व. एचएन बहुगुणा की प्रतिमाओं पर मालाएं चढ़ाई। इसके पश्चात उन्होंने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि उत्तराखंड युवा प्रदेश है। वह विधान सभा में युवाओं की आवाज बनेंगे। सौरभ ने आरोप लगाया कि निवर्तमान मुख्यमंत्री हरीश रावत ने द्वेषभाव से सितारगंज क्षेत्र में काम रुकवा दिए। सितारगंज या अपने पैतृक क्षेत्र पौड़ी से भविष्य की राजनीति करने का सवाल पूछने पर उन्होंने कहा कि अभी उन्होंने राजनीति शुरू की है। यह उनका पहला चुनाव है। वह पूरे राज्य की राजनीति करना चाहते हैं।
बुघाणी में बहुगुणा स्मारक की प्रगति पर उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि दादा जी के जन्म दिवस के मौके पर इसका लोकार्पण हो। इस मौके पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मोहन लाल जैन, भाजपा जिला महामंत्री विकास कुकरेती, जितेंद्र रावत, अनूप बहुगुणा, दिनेश असवाल और राकेश ध्यानी आदि मौजूद थे।