लेह। लेह एपेक्स बॉडी ने 12 मार्च को शांतिपूर्ण रैली आयोजित करने का आह्वान किया है और लद्दाख के लोगों से इसमें बड़ी संख्या में भाग लेने की अपील की है।
यह रैली गृह मंत्रालय के साथ अगली बैठक में हो रही देरी और सोनम वांगचुक सहित कई नेताओं की निरंतर हिरासत के विरोध में बुलाई गई है। लेह एपेक्स बॉडी के नेताओं ने कहा कि गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने पहले हाई पावर कमेटी की बैठक में आश्वासन दिया था कि जल्द ही अगली बैठक की तारीख दी जाएगी लेकिन अभी तक मंत्रालय की ओर से कोई जानकारी नहीं मिली है।
लेह एपेक्स बॉडी के सह-अध्यक्ष छेरिंग दोरजे लकरुक ने बताया कि पिछली हाई पावर कमेटी की बैठक में सरकार ने अनुच्छेद 371 का प्रस्ताव रखा था लेकिन लेह एपेक्स बॉडी और कारगिल डेमोक्रेटिक एलायंस अब भी छठी अनुसूची का दर्जा और राज्य का दर्जा देने की अपनी मांग पर कायम हैं।
विज्ञापन
लकरुक ने यह भी कहा कि लेह एपेक्स बॉडी और कारगिल डेमोक्रेटिक एलायंस के बीच इस बात पर सहमति है कि लेह जिले में होने वाली किसी भी रैली का आयोजन कारगिल में भी किया जाएगा ताकि पूरे लद्दाख का प्रतिनिधित्व दिखाया जा सके। उन्होंने कहा कि रैली के लिए जिला प्रशासन से अनुमति मांगी जाएगी और यदि अनुमति नहीं दी जाती है तो यह स्पष्ट होगा कि लद्दाख में लोकतंत्र नहीं बचा है।
आयोजकों ने जनता से शांतिपूर्ण तरीके से बड़ी संख्या में रैली में शामिल होने की अपील की है। यह रैली ऐसे समय में आयोजित की जा रही है जब लद्दाख के पूर्व उपराज्यपाल कविंद्र गुप्ता इस्तीफा दे दिया है और नवनियुक्त उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना 13 मार्च को शपथ लेने वाले हैं।