कुलगाम में सील की दवा की दुकान। स्रोत पुलिस
- अन्य कार्रवाई में सीसीटीवी न लगाने पर दो दुकानों के मालिकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
कुलगाम। पुलिस ने देवसर इलाके में दवा की दुकानों पर बुधवार को जांच की। इस दौरान दो दुकानों में दवाओं के रिकॉर्ड रखने के नियमों का गंभीर उल्लंघन पाया गया। इसके बाद दोनों दुकानों को तुरंत सील कर दिया गया। वहीं सीसीटीवी नियम तोड़ने पर दो दुकानों के मालिकों पर एफआईआर दर्ज की गई।
पुलिस स्टेशन देवसर की टीम ने ड्रग कंट्रोल विभाग के साथ संयुक्त रूप से यह जांच की। अधिकारियों ने बताया कि रिकॉर्ड के अभाव से इन दवाओं के दुरुपयोग और अवैध सप्लाई की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए कानून के तहत तुरंत कार्रवाई की गई। इरफान मेडिकल स्टोर और अलशफा मेडिकल स्टोर को दवाओं का अनिवार्य रिकॉर्ड न रखने पर सील किया गया।
इसके अलावा दो अन्य मेडिकल दुकानों के खिलाफ सीसीटीवी कैमरे न लगाने और निगरानी नियमों की अवहेलना करने पर एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस का कहना है कि यह लापरवाही दवा बिक्री की निगरानी और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करती है। एसएसपी कुलगाम अनायत अली चौधरी ने कहा कि निर्धारित और दवाओं के प्रबंधन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने साफ किया कि कुलगाम पुलिस की जीरो टॉलरेंस पॉलिसी जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।