कुलगाम में मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबल
- फोटो : अर्शिद मीर
दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। कश्मीर जोन पुलिस ने बताया कि कुलगाम के कुज्जर इलाके में सुरक्षाबलों और उग्रवादियों के बीच गोलीबारी हुई। यहां सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया है। मुठभेड़ स्थल से मारे गए आतंकवादियों के शव बरामद करने के लिए कार्रवाई जारी है। इसके साथ ही आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चल रहा है।
उधर, राजोरी के कालाकोट के तत्तापानी के जंगलों में बुधवार को भी सुरक्षाबलों का ऑपरेशन चल रहा है। हालांकि अभी तक दहशतगर्दों के बारे में कोई सुराग नहीं मिला है, तलाशी अभियान जारी है। बड़े पैमाने पर जंगल को खंगाला जा रहा है। सोमवार को आधी रात के बाद से फायरिंग बंद है। मंगलवार को छिपे हुए आतंकियों की तलाश में सुरक्षाबलों ने ड्रोन के साथ हेलीकॉप्टर लगाए गए। सुरक्षाबलों की संख्या बढ़ा दी गई है।
बरोह के जंगलों में सोमवार को ड्रोन की मदद से तीन आतंकी देखे गए थे। सुरक्षाबलों ने इलाके को घेरकर रात करीब 9 बजे तक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी भी की। सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। इसमें सेना के दो पैरा कमांडो सहित तीन जवान घायल हो गए थे। मंगलवार को कोई भी गोलीबारी नहीं हुई लेकिन सेना, पुलिस और सीआरपीएफ ने पूरा दिन ड्रोन और हेलिकॉप्टर की मदद से जंगल को खंगाला। अधिकारियों ने कहा कि माना जाता है कि दो से तीन आतंकी घिरे हुए हैं, उनके भागने के सभी संभावित मार्गों को बंद करने के लिए अतिरिक्त बल भेजा गया है।
यहां पढ़ें पूरी खबर...