श्रीनगर के एक सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल को मंगलवार को छेड़छाड़ के आरोप में निलंबित कर दिया गया। मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं। आदेश में कहा है कि निदेशक स्कूल शिक्षा कश्मीर मामले की जांच करेगा और अपनी सिफारिशों के साथ एक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा।
गुंड हस्सी भट के गवर्नमेंट बॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल शब्बीर अहमद मीर पर छेड़छाड़ का आरोप लगने पर पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस ने एक ट्वीट में कहा कि शाल्टेंग पुलिस स्टेशन में धारा 354डी (पीछा करना), 294 (अश्लील हरकतें या अश्लील भाषा) और 506 (धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस बीच, स्कूल शिक्षा विभाग ने मीर को निलंबित कर दिया और जांच के आदेश दिए। स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव आलोक कुमार ने निदेशक स्कूल शिक्षा को जांच कर रिपोर्ट देने के लिए कहा है।
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश में लिखा है, शब्बीर अहमद मीर, प्रिंसिपल गवर्नमेंट बीएचएसएस गुंड हस्सी भट, श्रीनगर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उक्त अधिकारी को निदेशक स्कूल शिक्षा कश्मीर के साथ अटैच किया जाता है।